Ramgarh : सोशल मीडिया के जरिए बनी दोस्ती अब दो परिवारों के बीच गंभीर विवाद का कारण बन गई है। फेसबुक से शुरू हुआ कथित प्रेम संबंध तीन बच्चों के पिता और चार बच्चों की मां के बीच इस कदर बढ़ा कि मामला कुजू ओपी तक पहुंच गया। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के सेलहारा कला निवासी राजकुमार केसरी उर्फ बबलू का विवाह करीब एक दशक पहले कुजू निवासी सोनी देवी से हुआ था। दंपति के तीन बच्चे हैं। रोजी-रोटी के लिए राजकुमार केसरी केरल में जेसीबी मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था।
फेसबुक से बढ़ीं नजदीकियां
केरल में रहते हुए राजकुमार की फेसबुक के माध्यम से रिंकी देवी नामक विवाहित महिला से दोस्ती हुई। महिला के चार बच्चे बताए जा रहे हैं। ऑनलाइन बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गया।
केरल में साथ रहने लगे दोनों
बताया जाता है कि इसके बाद राजकुमार केसरी अपने परिवार से दूरी बनाने लगा। वहीं संबंधित महिला भी अपने पति को छोड़कर चारों बच्चों के साथ केरल में ही राजकुमार के साथ रहने लगी। मामले की जानकारी मिलने पर पहली पत्नी सोनी देवी केरल पहुंची और वहां से अपने पति को कुजू लेकर आई।
इसी दौरान कथित प्रेमिका भी उनके साथ कुजू आ गई। आरोप है कि महिला का पति अपनी पत्नी को कुजू मायके में छोड़कर हजारीबाग जाने लगा, तभी महिला के मायके पक्ष के लोगों ने रास्ते में युवक को रोक लिया।
कुजू ओपी पहुंचा मामला, आत्महत्या की धमकी
इसके बाद सभी लोग कुजू ओपी पहुंचे। ओपी में घंटों चली पूछताछ के दौरान कथित प्रेमी-प्रेमिका एक साथ रहने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अलग किए जाने की स्थिति में आत्महत्या करने की धमकी भी दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कुजू ओपी पुलिस ने पूरे प्रकरण को महिला थाना रामगढ़ भेज दिया है। वहां पूरे मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

