JTET 2026: परीक्षा से पहले CM हेमंत सोरेन की अपील, बोले- नकलमुक्त परीक्षा कराना सबकी जिम्मेदारी

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और परीक्षा से जुड़े सभी लोगों से खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता और गरिमा बनाए रखना केवल सरकार या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे
CM हेमंत सोरेन
Advertisement

Ranchi: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और परीक्षा से जुड़े सभी लोगों से खास अपील की है। उन्होंने कहा है कि परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता और गरिमा बनाए रखना केवल सरकार या प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जेटेट परीक्षा 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रयासरत है। ऐसे में जरूरी है कि प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष और बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न हों, ताकि मेहनत करने वाले योग्य अभ्यर्थियों को उनका उचित अवसर मिल सके।

सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV से होगी निगरानी

जेटेट 2026 के सफल आयोजन के लिए झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके जरिए परीक्षा के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से संपन्न कराना है। साथ ही परीक्षा के बाद परिणाम जारी करने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

नकल करने और कराने वालों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि नकल करने या कराने वालों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा संचालन में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपनी जिम्मेदारी पूरी सतर्कता से निभाने का निर्देश दिया गया है। ड्यूटी में लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

अभ्यर्थियों और अभिभावकों से सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री ने परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी के साथ दायित्व निभाने की अपील की है। वहीं, अभ्यर्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से भी परीक्षा को सफल बनाने में सहयोग करने को कहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है, ताकि किसी भी योग्य उम्मीदवार के साथ अन्याय न हो। जेटेट जैसी परीक्षा राज्य की शिक्षक भर्ती व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में इसका पारदर्शी आयोजन शिक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों, दोनों के भरोसे के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

1 नवंबर को होगी JTET 2026 परीक्षा

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन 1 नवंबर 2026 को होना है। परीक्षा को लेकर जैक और जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी हैं। अब परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों के साथ अभ्यर्थियों की भी होगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.