Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए बुधवार को ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट की शुरुआत की है। WhatsApp आधारित इस डिजिटल सुविधा के जरिए अब लोग अपने मोबाइल फोन से कई पुलिस सेवाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे। आवेदन और शिकायतों की स्थिति जानने के लिए भी नागरिकों को बार-बार पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जिला पुलिस के अनुसार, ‘जोहार पुलिस’ (जमशेदपुर ऑनलाइन हेल्प एंड असिस्टेंस फॉर रेसिडेंट्स) को नागरिकों और पुलिस के बीच संवाद को आसान बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें पुलिस से जुड़ी सामान्य सेवाओं या अपने आवेदन की स्थिति के लिए कार्यालय जाना पड़ता है।
WhatsApp पर ऐसे शुरू करें ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट
इस चैटबॉट का इस्तेमाल करना काफी आसान है। नागरिक अपने WhatsApp से 9471167577 नंबर पर सिर्फ ‘Hi’ या ‘हाय’ लिखकर भेज सकते हैं। इसके बाद चैटबॉट के जरिए उपलब्ध सेवाओं और संबंधित विकल्पों की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
पुलिस की ओर से जारी QR कोड को स्कैन करके भी नागरिक इस सुविधा तक पहुंच सकते हैं।
किन पुलिस सेवाओं की मिलेगी जानकारी?
‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट में कई महत्वपूर्ण सेवाओं को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से नागरिक:
- गुम हुए मोबाइल फोन से संबंधित सहायता और जानकारी ले सकेंगे।
- साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
- ट्रैफिक और चालान से संबंधित जानकारी देख सकेंगे।
- पासपोर्ट सत्यापन की स्थिति जान सकेंगे।
- आचरण प्रमाण पत्र और चरित्र सत्यापन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
- विभिन्न पुलिस सत्यापन की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे।
- पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन और शिकायत की प्रगति की जानकारी ले सकेंगे।
नजदीकी थाना और महिला सुरक्षा की जानकारी भी मिलेगी
चैटबॉट के जरिए नागरिक अपने क्षेत्र के नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों और ईव-टीजिंग की शिकायत या सूचना देने का विकल्प भी इसमें उपलब्ध कराया गया है।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता से संबंधित सुविधा को भी चैटबॉट में शामिल किया गया है। इसके अलावा लोग पुलिस को अपनी शिकायत, सुझाव और फीडबैक भी भेज सकेंगे।
डिजिटल सुविधा से पुलिस और जनता के बीच बेहतर होगा संवाद
एसएसपी एहतेशाम वकारिव के मुताबिक, ‘जोहार पुलिस’ का उद्देश्य पुलिस सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सरल, तेज और सुलभ बनाना है। डिजिटल माध्यम से जरूरी जानकारी मिलने पर सामान्य कार्यों के लिए पुलिस कार्यालयों में आने-जाने की परेशानी कम हो सकती है।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे ‘जोहार पुलिस’ WhatsApp चैटबॉट का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें और उपलब्ध डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाएं।

