Ranchi : राजधानी रांची में नाबालिग बच्चों के लापता होने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला Ratu थाना क्षेत्र के गोकुलधाम चटकपुर मिलन चौक से सामने आया है, जहां से 8 फरवरी को दो सगी नाबालिग बहनें रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं।
लापता बच्चियों की उम्र 16 वर्ष और 12 वर्ष बताई जा रही है। एक साथ दो बहनों के गायब होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
दुकान जाने के लिए निकलीं, फिर नहीं लौटीं
परिजनों के अनुसार, 8 फरवरी को दोनों बहनें दुकान जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार ने पहले आसपास की दुकानों में पूछताछ की और फिर रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
थक-हारकर बच्चियों के पिता सुजीत शर्मा ने रातू थाना में गुमशुदगी को लेकर लिखित आवेदन दिया।
अक्टूबर में नानी के घर से आई थीं रांची
पिता ने बताया कि दोनों बच्चियां अक्टूबर 2025 में अपनी नानी के घर, बिहार के जहानाबाद, से रांची आई थीं। छोटी बहन कक्षा 5 में पढ़ती है, जबकि बड़ी बहन ने 2025 में मैट्रिक परीक्षा पास की है।
एक साथ दो नाबालिग बेटियों के लापता होने से परिवार पूरी तरह भयभीत है। वहीं, आसपास के लोग भी घटना को लेकर दहशत में हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों बच्चियों की तलाश अभियान शुरू कर दिया है। मिलन चौक और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बच्चियों की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और उम्मीद है कि बच्चियों को जल्द सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

