Ranchi : राजधानी रांची के रिम्स (RIMS) परिसर में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल सात मकानों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बुलडोजर की कार्रवाई से पहले लोगों को अपना सामान हटाने के लिए समय दिया गया, जिसके बाद एक-एक कर मकानों को गिराया गया।
मंगलवार को दो मंजिला और तीन मंजिला भवनों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया, जबकि एक चार मंजिला अपार्टमेंट को आंशिक रूप से तोड़ा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, चार मंजिला अपार्टमेंट की ऊपरी दो मंजिलों को हथौड़े से तोड़ा जाएगा, जबकि निचले हिस्से को बुलडोजर से गिराया जाएगा। एक अन्य अपार्टमेंट को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है, जिसकी सुनवाई बुधवार को होनी है। प्रशासन ने बताया कि अदालत के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान डॉ. आईडी चौधरी का मकान पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया, वहीं उनके पड़ोस के दो अन्य मकानों को भी गिरा दिया गया। इसके साथ ही डॉक्टर्स कॉलोनी में अवैध रूप से कब्जा किए गए रिम्स के क्वार्टर खाली कराकर उनमें ताले लगा दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रिम्स की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुबह से ही जिन मकानों पर कार्रवाई होनी थी, वहां रहने वाले लोग अपने घरेलू सामान को छोटे वाहनों और ट्रैक्टरों के जरिए दूसरी जगह शिफ्ट करते नजर आए। पूरी गली में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। कई जगहों पर बाउंड्री वॉल की नींव भी काट दी गई।
इस कार्रवाई में अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता जीतकर हाल ही में लौटे झारखंड के खिलाड़ी अरविंद गुड़िया का घर भी शामिल है। अरविंद ने भावुक होते हुए बताया कि चैंपियन बनकर लौटने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनका घर अतिक्रमण की जद में है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई थी, जिन्होंने आगे बेहतर करने के लिए प्रेरित किया था, लेकिन अब घर टूटने से भविष्य को लेकर चिंता सता रही है।
प्रशासन ने दो टूक कहा है कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

