Ranchi : झारखंड में छात्रों की छात्रवृत्ति रुके होने को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। जेएलकेएम विधायक टाइगर जयराम महतो ने राज्य सरकार पर कड़ा निशाना साधते हुए कहा कि जब सरकार के पास मईयां सम्मान योजना के लिए धन उपलब्ध है, तो छात्रों की स्कॉलरशिप रोकने का क्या औचित्य है?
जयराम महतो ने यहां तक कह दिया कि उन्हें मिलने वाला सरकारी आवास नीलाम कर दिया जाए और उससे प्राप्त पूरी राशि छात्रों में छात्रवृत्ति के रूप में बांट दी जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है, और छात्रों का हक रोका जाना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है।
मंत्री चमरा लिंडा ने हाल में दावा किया था कि केंद्र सरकार से फंड न मिलने के कारण छात्रवृत्ति रोकी गई है। इस बयान पर पलटवार करते हुए जयराम महतो ने कहा कि यदि राज्य सरकार मईयां सम्मान योजना के लाभार्थियों को नियमित भुगतान कर सकती है, तो छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए फंड उपलब्ध कराने में दिक्कत क्यों आ रही है?

