- नेपाल के नुवाकोट जिले में संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी है। पुलिस और प्रशासन ने धुंडे बाजार सहित नदी किनारे के इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाना शुरू किया।
Nepal : नेपाल में पिछली बाढ़ की तबाही से लोग अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए हैं कि नुवाकोट जिले में एक बार फिर संभावित बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। धुंडे बाजार और आसपास के इलाकों में पुलिस ने लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के अनुसार, ऊपर की ओर से पानी आने के बाद अगले 20 से 25 मिनट में बाढ़ का पानी प्रभावित इलाके तक पहुंच सकता है।
पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों से घर और दुकानें खाली करने तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।
धुंडे बाजार में पुलिस ने शुरू कराई निकासी
धुंडे बाजार में पुलिस और प्रशासन की टीमें लोगों को नदी किनारे से हटाती नजर आईं। पुलिस लगातार इलाके में घूमकर लोगों को चेतावनी दे रही है कि खतरा बढ़ रहा है और किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, नदी किनारे मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
ऊपर से पानी आने से बढ़ी चिंता
अधिकारियों को आशंका है कि ऊपर के इलाकों में पानी छोड़े जाने या किसी प्राकृतिक घटना के कारण नदी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों ने संभावित बाढ़ को पहले की तुलना में कई गुना अधिक गंभीर बताया है।
इसी आशंका को देखते हुए प्रभावित इलाकों में एहतियात के तौर पर तत्काल निकासी शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे हैं।
भोटेकोशी-त्रिशूली बाढ़ से पहले ही प्रभावित है इलाका
नुवाकोट उन इलाकों में शामिल है, जो हाल की भोटेकोशी-त्रिशूली बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। कई सड़कें और पुल पहले ही क्षतिग्रस्त हैं और इलाके में राहत-बचाव अभियान जारी है।
ऐसे में दोबारा तेज बाढ़ आने की आशंका ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि नदी के जलस्तर में किसी भी बदलाव को गंभीरता से लिया जा रहा है और हालात की लगातार निगरानी की जा रही है।



