- लातेहार के महुआडांड़ में लगातार बारिश से राजडंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव में पुल टूट गया। प्रशासन ने मुख्य मार्ग बंद कर वैकल्पिक रास्ता शुरू किया।
Latehar : जिले के पठारी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। महुआडांड़ प्रखंड क्षेत्र में तेज बारिश के बाद राजडंडा नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के दबाव में पुल टूट गया। इससे महुआडांड़-गारू-पलामू मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन प्रभावित हुआ है।
महुआडांड़ और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार से लगातार तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान राजडंडा नदी में पानी बढ़ने के बाद तेज बहाव के कारण पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।
प्रशासन ने मार्ग किया सील
पुल टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर मुख्य मार्ग को सील कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
प्रशासन ने फिलहाल वाहनों के आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की है। इसके जरिए यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियंताओं की टीम करेगी पुल का निरीक्षण
महुआडांड़ के एसडीएम सुलेमान मुंडरी ने बताया कि पुल टूटने के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन रोक दिया गया है। तत्काल वैकल्पिक मार्ग से आवागमन शुरू कराने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि रोड डिविजन के अभियंताओं को भी घटना की जानकारी दी गई है। अभियंताओं के मौके पर पहुंचने के बाद पुल की स्थिति का जायजा लिया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लातेहार, पलामू और छत्तीसगढ़ से जुड़ा है मार्ग
यह मार्ग क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है और रोजाना बड़ी संख्या में वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। सड़क लातेहार, पलामू और महुआडांड़ को छत्तीसगढ़ से जोड़ती है।
पुल टूटने के कारण स्थानीय लोगों के साथ दूसरे राज्यों से आने-जाने वाले लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।



