New Delhi : शुद्ध दूध से तैयार पनीर को सुपरफूड कहा जाए तो गलत नहीं होगा। यह हर मौसम में शरीर को लाभ पहुंचाता है, लेकिन सर्दियों में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। इस मौसम में पनीर न सिर्फ ऊर्जा देता है, बल्कि हड्डियों, मांसपेशियों और संपूर्ण स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में भी मदद करता है।
आयुर्वेद के अनुसार, पनीर का सही तरीके और सही मसालों के साथ सेवन करने पर यह कफ को संतुलित रखने में सहायक माना जाता है। सर्दियों में शरीर को हेल्दी फैट्स की जरूरत बढ़ जाती है, जो पनीर से आसानी से मिल जाते हैं। ये फैट्स शरीर का तापमान संतुलित रखने और ठंड के असर से बचाव में मदद करते हैं। वहीं, गर्मियों में पनीर का सेवन शरीर को ठंडक भी पहुंचा सकता है, इसलिए यह ऑल-सीजन फूड माना जाता है।
मांसपेशियों के लिए क्यों फायदेमंद?
पनीर में मौजूद उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन मांसपेशियों को मजबूत बनाने और रिकवरी में मदद करता है। जो लोग जिम करते हैं, नियमित व्यायाम करते हैं या शारीरिक मेहनत अधिक करते हैं, उनके लिए पनीर एक अच्छा विकल्प माना जाता है। इसके साथ ही इसमें मौजूद कैल्शियम शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है।
हड्डियों को मिलती है मजबूती
पनीर में कैल्शियम और फॉस्फोरस का अच्छा संयोजन होता है, जो हड्डियों को मजबूत करने और उम्र बढ़ने के साथ होने वाली कमजोरी से बचाव में मदद कर सकता है। नियमित सेवन से जोड़ों के दर्द और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं का जोखिम भी कम होने की संभावना रहती है।
वजन नियंत्रण में भी मददगार
प्रोटीन से भरपूर होने के कारण पनीर धीरे-धीरे पचता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है। इसका फायदा यह होता है कि बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग से बचाव हो सकता है।
नर्वस सिस्टम और हार्मोन बैलेंस में सहायक
कम लोग जानते हैं कि पनीर शरीर के नर्वस सिस्टम को सपोर्ट कर सकता है। इसमें मौजूद विटामिन B12 दिमाग और नसों के लिए जरूरी माना जाता है और इसकी कमी को पूरा करने में भी मदद मिल सकती है।
किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए?
हालांकि पनीर फायदेमंद है, लेकिन हर किसी के लिए समान रूप से नहीं। जिनकी पाचन शक्ति कमजोर है या भारी भोजन पचाने में दिक्कत होती है, उन्हें पनीर सीमित मात्रा में लेना चाहिए। अधिक सेवन से गैस, अपच या पेट भारी होने की समस्या हो सकती है।



