पूर्वी सिंहभूम: कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर हृदय नगर में रविवार देर रात चोरों ने अधिवक्ता जावेद जमाल के घर से करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरी गए सामान में करीब 16 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
जावेद जमाल के अनुसार, रात करीब दो से तीन बजे के बीच पांच चोर घर में घुसे। करीब 3:10 बजे उनकी नींद खुली। इसके बाद उन्होंने घर में जांच की तो उनके पिता के कमरे का दरवाजा खुला मिला। कमरे में रखा गोदरेज भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि गोदरेज में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब हैं। इसके बाद परिवार ने तुरंत कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज में पांच संदिग्ध
सूचना मिलने के बाद पुलिस सुबह करीब चार बजे मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। घर के पास लगे CCTV कैमरे में पांच संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस ने चोरों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।



