धनबाद: धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस की मदद से वासेपुर के गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के जरिए दुबई जाने की तैयारी में था। उड़ान भरने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पासपोर्ट और वीजा बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बंटी खान के पास से वैध और फर्जी पासपोर्ट तथा वीजा बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि वह कोलकाता में छिपकर रह रहा था और वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान लेकर दुबई जाने की तैयारी कर रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए बंटी खान को गिरफ्तार कर लिया गया।
कई मामलों में दर्ज है केस
पुलिस के मुताबिक, बंटी खान पर हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस काफी समय से छापेमारी कर रही थी।
ट्रांजिट रिमांड पर धनबाद लाने की तैयारी
इससे पहले भी धनबाद पुलिस प्रिंस खान गिरोह के एक आरोपी मेजर उर्फ सैफी को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर चुकी है। वह भी दुबई जाने की कोशिश कर रहा था। बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से गिरोह के अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फिलहाल उसे ट्रांजिट रिमांड पर धनबाद लाने की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।



