मुकेश रंजन
Ranchi : झारखंड के चाईबासा में शनिवार को नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में वीरगति को प्राप्त हुए। झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान को आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। राजधानी रांची स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा शहीद जवान का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सरकार शहीद के परिवार के साथ है और हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
बताया जाता है कि खूंटी निवासी शहीद सुनील धान नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में शामिल थे। छोटा घाघरा और जराईकेला थाना क्षेत्र के बॉर्डर पर जंगली इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसी दौरान नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया, जिसमें झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान और CRPF के हेड कॉन्स्टेबल विष्णु सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
दोनों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, जहां इलाज के दौरान सुनील धान शहीद हो गए। जबकि विष्णु सैनी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
श्रद्धांजलि के बाद शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव खूंटी भेजा गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
झारखंड पुलिस और सरकार ने शहीद के परिवार को हरसंभव सहायता देने की घोषणा की है। यह भी कहा गया है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई और तेज की जाएगी।



