Ranchi: समाहरणालय ब्लॉक-बी स्थित सभागार में आज एक महत्वपूर्ण कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अंचल निरीक्षक और राजस्व उप निरीक्षकों की कार्यशैली में गुणात्मक सुधार पर बल दिया गया। बैठक में दाखिल-खारिज, आदेश निर्माण (ऑर्डर जेनेरेशन), जाति/आवासीय प्रमाण पत्र, सीमांकन जैसे लंबित मामलों के सात दिनों के भीतर निष्पादन का निर्देश दिया गया।
Also Read : झारखंड के किसान मालिक बनें , मजदूर नहीं : कृषि मंत्री
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी अंचल अधिकारियों, अंचल निरीक्षकों एवं राजस्व उप निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे कार्य निष्पादन में पारदर्शिता और तत्परता बरतें।
साथ ही, यह भी सख्ती से कहा गया कि कोई भी दलाल या बिचौलिया सरकारी कार्यों में हस्तक्षेप न करे।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सुनिश्चित करें कि आपके कार्यालयों में बिचौलियों का प्रवेश न हो।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी कार्यालय में दलाल या बिचौलिए को सक्रिय पाएं, तो अबुआ साथी शिकायत प्रणाली के तहत मोबाइल नंबर 9430328080 पर सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए, लोगों को बेवजह सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाएं, और अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी और संवेदनशीलता से निर्वहन करें।



