Ranchi : राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्यानगर के पास स्थित हरमू नदी में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने पानी में एक अज्ञात शव को तैरते देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालने की कवायद शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव कई दिनों से पानी में था और सड़-गल चुका था, जिससे आसपास बदबू फैल गई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना हो सकता है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और हरमू नदी की नियमित सफाई की मांग की है।



