Chandigarh: हरियाणा के पंचकूला में उत्तराखंड के देहरादून निवासी एक कारोबारी परिवार के सात सदस्यों ने सामूहिक आत्महत्या कर ली। मृतकों में परिवार के मुखिया प्रवीण मित्तल, उनके माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं।
Also Read : तेली समाज ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का किया भावपूर्ण सम्मान
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आत्महत्या की वजह आर्थिक तंगी को बताया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रवीण मित्तल का टूर एंड ट्रेवल का कारोबार लंबे समय से घाटे में चल रहा था, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, मित्तल परिवार कुछ समय से पंचकूला के सेक्टर-27 में किराए के मकान में रह रहा था। सोमवार रात सभी ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनने के बाद कार में लौटते समय जहर खा लिया।
रात करीब 11 बजे सेक्टर-27 के पास खड़ी कार को देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को पास के अस्पतालों में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी हिमाद्री कौशिक, डीसीपी (लॉ एंड ऑर्डर) अमित दहिया और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों और रिश्तेदारों को सूचित कर दिया है।
यह दुखद घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज में बढ़ती आर्थिक चुनौतियों और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंता भी बढ़ा रही है।



