New Delhi: वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम में अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर और विस्फोटक बल्लेबाज आंद्रे रसेल की वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ियों ने लंबे अंतराल के बाद फिर से टीम में जगह बनाई है।
Also Read : सुकुरहुटू में दुर्गा महोत्सव की धूम, 9 जून को होगा भव्य आयोजन
जेसन होल्डर ने फरवरी 2024 में आखिरी बार टी20 मुकाबला खेला था, जबकि रसेल ने नवंबर 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ ही अपना पिछला मैच खेला था। अब दोनों खिलाड़ी पूरी तरह फिट हैं और टीम में अपनी उपयोगिता साबित करने के लिए तैयार हैं।
वहीं, स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन को आईपीएल में व्यस्त कार्यक्रम के बाद आराम दिया गया है। टीम प्रबंधन ने उनकी रिकवरी को प्राथमिकता देते हुए इस सीरीज से बाहर रखा है।
कप्तानी में बदलाव:
टी20 टीम की कमान अब शाई होप को सौंपी गई है। उन्होंने रोवमैन पॉवेल की जगह ली है, जो हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में 3-0 की हार झेल चुके थे। हालांकि पॉवेल को बतौर खिलाड़ी टीम में बरकरार रखा गया है।
टीम में नए और पुराने चेहरे:
इस बार शिमरोन हेटमायर और शरफेन रदरफोर्ड की भी वापसी हुई है। दूसरी ओर, जस्टिन ग्रेव्स, शमार स्प्रिंगर और टेरेंस हाइंड्स को टीम से बाहर कर दिया गया है।
आयरलैंड दौरे के लिए बदलाव:
इंग्लैंड सीरीज के बाद वेस्टइंडीज की टीम आयरलैंड जाएगी। वहां की टीम में कुछ बदलाव किए गए हैं। ब्रैंडन किंग को आराम दिया गया है, उनकी जगह कीसी कार्टी को शामिल किया गया है। वहीं, पहली बार जेड गूली को टीम में मौका दिया गया है।
कोचिंग स्टाफ में बदलाव:
इंग्लैंड सीरीज के बाद मुख्य कोच डैरेन सैमी, फ्लॉयड रीफर और रवि रामपॉल बारबाडोस लौटेंगे, जबकि आयरलैंड सीरीज में रयॉन ग्रिफिथ को कोचिंग की जिम्मेदारी दी गई है।



