Amethi : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। कमरौली थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठौरा गांव के पास रिफाइंड तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। घटना के बाद ग्रामीणों में तेल लूटने की होड़ मच गई।

Also Read : बाढ़ से 22 जिले प्रभावित, 5 लाख से अधिक लोग संकट में
ड्राइवर की जान बचाने के चक्कर में हादसा
टैंकर चालक अमन चौहान, जो कि देवकली, जगदीशपुर का निवासी है, पश्चिम बंगाल से कानपुर के लिए टैंकर में 33 टन कच्चा रिफाइंड ऑयल लेकर जा रहा था। देर रात करीब 1:30 बजे, कठौरा के पास एक गाय अचानक सड़क पर आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और टैंकर सड़क किनारे खेत में पलट गया।
घटना में चालक को हल्की चोटें आईं। अमन ने तुरंत ही पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि टैंकर पलटने से करीब आधा तेल बह गया है।
तेल लूटने में जुटे ग्रामीण
घटना के बाद जब सुबह ग्रामीणों ने खेत में बहता हुआ रिफाइंड तेल देखा तो डिब्बा, बाल्टी और बोतल लेकर तेल भरने लगे। कुछ ही घंटों में बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए और टैंकर से बहते तेल को इकट्ठा करने लगे।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही कमरौली थाना प्रभारी मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल चालक को जगदीशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और तेल भर रहे ग्रामीणों को हटाया। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
टैंकर मालिक और संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति नियंत्रण में है।



