Mumbai : मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से करीब 52 करोड़ रुपये की कोकीन बरामद की गई है। आरोपी ने यह नशीला पदार्थ अपने शरीर के अलग-अलग हिस्सों में बड़ी चालाकी से छिपा रखा था।
Also Read : रिफाइंड तेल से भरा टैंकर पलटा, ग्रामीणों में लूट की होड़
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
कस्टम विभाग के सूत्रों के अनुसार उन्हें पहले से सूचना मिली थी कि एक विदेशी तस्कर ड्रग लेकर मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचने वाला है। इस सूचना के आधार पर एयरपोर्ट पर निगरानी बढ़ा दी गई थी। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति एयरपोर्ट पर पहुंचा, कस्टम अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ और तलाशी शुरू कर दी।
कमरबंद और काफ सपोर्टर में छिपाई गई कोकीन
तलाशी के दौरान पता चला कि आरोपी ने अपने शरीर पर ऑर्थो वेस्ट बेल्ट (कमरबंद) और काफ सपोर्टर (पैर के सहारे बांधे जाने वाले बेल्ट) में कोकीन छिपा रखी थी। सफेद पाउडर जैसे पदार्थ की फील्ड टेस्टिंग की गई, जिसमें यह कोकीन साबित हुई। कुल 5194 ग्राम कोकीन जब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 51.94 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तारी और पूछताछ जारी
कस्टम विभाग की टीम ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और अब उससे पूछताछ की जा रही है कि वह किसके लिए और कहां यह ड्रग्स लेकर आया था। विभाग इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की कोशिश कर रहा है।
कस्टम अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिहाज से अब और ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है ताकि ऐसे मामलों को समय रहते रोका जा सके। इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि ड्रग तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अपने मंसूबों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं।



