मुकेश रंजन
Ranchi : राजधानी रांची में रविवार की सुबह रिंग रोड स्थित ITBP कैंप के पास एक शराब से लदी पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह वैन तेज़ रफ्तार में थी और मोड़ पर असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर शराब की बोतलों और कार्टनों का ढेर लग गया, जिसे देखते ही देखते लूट का तमाशा शुरू हो गया।
Also Read : झामुमो का एक्स हैंडल हैक, सीएम सोरेन ने दिए जांच के निर्देश
हादसे में पिकअप वैन (नंबर JH01EY3340) में लदी शराब की बोतलें बिखर गईं और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग वहां पहुंचकर शराब उठाने लगे। कई लोग बोतलें स्कूटी और बाइक पर लादकर भागते नजर आए। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिनमें लोग खुलेआम लूटपाट करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस मौके पर मौजूद रही, लेकिन भारी भीड़ और सीमित संसाधनों के कारण वह कुछ खास नहीं कर सकी। एक तस्वीर में पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को रोकने की कोशिश करते दिखे, लेकिन अधिकतर लोग शराब की पेटियां लेकर भाग गए।
इस अराजकता के कारण सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया और ट्रैफिक ठप हो गया। दर्जनों वाहन जाम में फंसे रहे और यात्री परेशान होते दिखे।
वहीं, पिकअप वैन के चालक को हल्की चोटें आई हैं। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह मोड़ अत्यधिक खतरनाक है और यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। उन्होंने मांग की कि इस जगह पर जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और एक स्थायी पुलिस चौकी की व्यवस्था की जाए।
यह घटना प्रशासन और कानून व्यवस्था की विफलता की एक और मिसाल बन गई है, जहां पुलिस की मौजूदगी में भी कानून का मज़ाक उड़ाया गया।


