Ranchi : झारखंड के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। वर्ष 2025-26 के लिए सेना भर्ती रैली का आयोजन 22 अगस्त से 04 सितंबर तक रांची के खेलगांव में किया जाएगा। इसे लेकर सोमवार को समाहरणालय में उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई, जिसमें सेना और प्रशासन के कई अधिकारी शामिल हुए।
जिस स्कूल को नक्सलियों ने तोड़ा, वहीं पढ़ रहे हैं अब उनके बच्चे
बैठक में कर्नल विकास भोला ने बताया कि इस बार हमारा विशेष ध्यान रांची जिले के अधिक से अधिक युवाओं को भारतीय सेना में शामिल करने पर है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी होगी और किसी भी प्रकार की दलाली या भ्रष्टाचार की कोई जगह नहीं होगी।
उपायुक्त ने सभी उम्मीदवारों को आगाह किया कि वे किसी भी दलाल या फर्जी व्यक्ति के बहकावे में न आएं। भर्ती केवल उन्हीं उम्मीदवारों की होगी, जो सभी योग्यताओं और दस्तावेजों को सही तरीके से पूरा करेंगे।
भर्ती रैली के अंतर्गत इन पदों पर भर्ती की जाएगी:
-
ग्रुप A: अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी)
-
ग्रुप B: अग्निवीर (तकनीकी)
-
ग्रुप C: अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर तकनीकी)
-
ग्रुप D: अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास)
-
ग्रुप E: अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास)
भर्ती स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें मेडिकल कवर, एंबुलेंस, ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और विश्राम क्षेत्र शामिल हैं। सुबह 4 बजे से सभी आवश्यक सुविधाएं सक्रिय रहेंगी।
सभी उम्मीदवारों को अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन चरित्र प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना दस्तावेजों के किसी भी अभ्यर्थी को रैली में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही उम्मीदवारों को एंड्रॉयड फोन लाना अनिवार्य किया गया है, और भर्ती पत्र को सुरक्षित रखने की भी हिदायत दी गई है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (शहर) अजीत कुमार, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सेना भर्ती रैली के इस आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग और तत्पर है।

