Ranchi : लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित द्वितीय ऑल इंडिया कराटे चैम्पियनशिप (WMSKF) 2025 में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी झारखंड की प्रतिभाओं ने अपना लोहा मनवाया और कुल 6 पदक जीतकर प्रतियोगिता में धाक जमाई।

संसद सत्र: ऑपरेशन सिंदूर, मणिपुर और अमेरिकी दखल पर होगी चर्चा
सब-जूनियर वर्ग में संपूर्ण वैभव ने -35 किलोग्राम कैटिगरी में गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं, वैष्णवी कुमारी ने भी -35 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में ही गोल्ड मेडल जीतकर झारखंड को गौरवान्वित किया।
संस्कृति वरधान ने -25 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि नंदिनी कुमारी ने -20 किलोग्राम कैटिगरी में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। लावण्या राज ने -54 किलोग्राम भार वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
इस राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता में वेस्ट बंगाल, गोवा, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा समेत कई राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया, लेकिन झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।
झारखंड कराटे संघ के अध्यक्ष नवीन प्रसाद साहू ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि जल्द ही एक सम्मान समारोह आयोजित कर इन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा लगातार खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में राज्य का परचम देश-विदेश में लहराएंगे।
इसके साथ ही टीम मैनेजर प्रकाश रविदास की मेहनत की भी प्रशंसा की गई। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनका मनोबल बढ़ाया और टीम को एकजुट बनाए रखा। अध्यक्ष साहू ने उनसे अनुरोध किया कि वे आगे भी इसी तरह बच्चों को मार्गदर्शन देते रहें, जिससे झारखंड में और अधिक प्रतिभाएं उभर सकें।
इस उपलब्धि से झारखंड में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा और आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सफलता की नई कहानियां लिखेंगे।



