Chelmsford : भारत और इंग्लैंड अंडर-19 टीमों के बीच खेला गया दूसरा यूथ टेस्ट मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। चेल्म्सफोर्ड में खेले गए इस रोमांचक मैच में दोनों ही टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाज़ आयुष म्हात्रे की विस्फोटक पारी ने इंग्लैंड की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। सीरीज का यह आखिरी मुकाबला ड्रॉ होने के साथ ही दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज 1-1 से बराबरी पर समाप्त हो गई।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा का जाना हाल
मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड ने पहली पारी में 309 रन बनाए। एकांश सिंह ने शानदार 117 रन की पारी खेली जबकि थॉमस रिउ ने 59 रनों का योगदान दिया। भारत के लिए पुष्पक ने 4 विकेट झटके। जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 279 रन बनाए, जिसमें विहान मल्होत्रा के 120 और आयुष म्हात्रे के 80 रन शामिल थे। इंग्लैंड के राल्फी अल्बर्ट ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 6 विकेट चटकाए।
दूसरी पारी में इंग्लैंड ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 324/5 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। इस बार बेन डॉकिन्स ने 136 रन की शानदार पारी खेली, जबकि एडम थॉमस ने 91 रन बनाए। भारत के आदित्य रावत ने इस पारी में 4 विकेट लिए।
355 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। लेकिन इसके बाद आयुष म्हात्रे ने मोर्चा संभाला और तूफानी अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए सिर्फ 64 गेंदों में 126 रन बना डाले। उन्होंने मात्र 25 गेंदों में अर्धशतक और 64 गेंदों में शतक पूरा किया।
अभिज्ञान कुंडू ने भी आक्रामक अंदाज़ में 65 रन बनाए। हालांकि, दोनों बल्लेबाज़ों के आउट होने के बाद इंग्लैंड को एक बार फिर उम्मीद जगी, लेकिन भारतीय निचले क्रम के बल्लेबाज़ों ने संयम दिखाया और जब बारिश के कारण खेल रोका गया, तब स्कोर 290/6 था। अंततः अंपायरों ने मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया।



