Ranchi : झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन शुक्रवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष ने एक स्वर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की। सदस्यों ने कहा कि इस संबंध में विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर भारत सरकार को भेजा जाना चाहिए।
सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “यह केवल राजनीतिक मांग नहीं है, बल्कि झारखंड की जनता की भावना है। सदन के सदस्यों ने उस भावना को आवाज दी है। इस पर सदन गंभीरता से विचार करेगा।”
इससे पहले कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, आजसू विधायक निर्मल महतो और जदयू विधायक सरयू राय ने भी सदन में शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की पुरजोर मांग की।
शिबू सोरेन, जिन्हें दिशोम गुरु के नाम से जाना जाता है, झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और आदिवासी समाज के हक और अधिकार के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया है।

