Giridih : गिरिडीह जिले के कई अंचलों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों के इस उत्पात ने ग्रामीणों की रोजमर्रा की दिनचर्या को बाधित कर दिया है। फसलों की बर्बादी के साथ-साथ इंसानी जान-माल का नुकसान भी लगातार सामने आ रहा है। ताज़ा मामला बिरनी थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां सोमवार की अहले सुबह जंगली हाथियों ने फिर एक बार कहर बरपाया।
घटना बिरनी थाना क्षेत्र के गादी गांव की है, जहां खेत और खलिहान के पास काम कर रहे तीन ग्रामीणों पर हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान शांति देवी (65) और बोधी पंडित (55) के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला सुदामा देवी, जो पेशम गांव की रहने वाली हैं, को गंभीर हालत में गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह लगभग पांच बजे के आसपास शांति देवी और बोधी पंडित अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक हाथियों का झुंड वहां पहुंच गया। दोनों को हाथियों ने बेरहमी से कुचल दिया। वहीं, सुदामा देवी को एक हाथी ने जोरदार पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और बरकट्ठा पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड जमुआ, देवरी और बिरनी के इलाकों में घूम रहा है, लेकिन वन विभाग उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने में नाकाम साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को पूरा मुआवजा देने और घायल के बेहतर इलाज की गारंटी की मांग की है।
डीएफओ मनीष तिवारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 30-30 हजार रुपये की प्रारंभिक सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। आगे की मुआवजा प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। इसी दौरान क्षेत्र के विधायक नगेंद्र महतो भी मौके पर पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों से हाथियों को जल्द से जल्द गांव से बाहर हटाने की मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतकों के परिजनों को शेष 3 लाख 70 हजार रुपये का मुआवजा सात दिनों के भीतर दिलवाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी देवरी थाना क्षेत्र के सियाटाड़ में एक हाथी ने जागो महतो (40) को कुचल कर मार डाला था। वन विभाग का कहना है कि लगभग 20–22 हाथियों का एक बड़ा झुंड पिछले पखवाड़े से इलाके में विचरण कर रहा है और टीम लगातार उन्हें जंगल की ओर भेजने में जुटी है।


