East Singhbhum : टाटानगर रेलवे स्टेशन के मेन गेट पर सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलती हुई CNG टेंपो में अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन में दो जोरदार धमाके हुए, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और पूरा इलाका दहशत में भर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, टेंपो को कीताडीह निवासी पवन राय चला रहे थे। वे स्टेशन से कुछ यात्रियों को लेकर निकले ही थे कि राहगीरों ने वाहन के नीचे से चिंगारी निकलते देख उन्हें सतर्क किया। कुछ ही पलों बाद टेंपो से धुआँ उठने लगा और आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें उठते ही चालक और यात्री कूदकर दूर भागे और अपनी जान बचाई।
टाटानगर स्टेशन परिसर स्थित चाईबासा स्टैंड में आग की यह दूसरी घटना है। दो दिन पहले ही खड़ी कार में आग लगने की घटना हुई थी। लोगों के उस हादसे से उबरने से पहले एक और आगजनी की घटना ने सबको चौंका दिया। टेंपो धू-धू कर जलता रहा और धमाकों के कारण आसपास भगदड़ की स्थिति बन गई। कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही PCR वैन, RPF-GRP टीम और दमकल विभाग की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
सौभाग्य से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस ने जगह का निरीक्षण कर टेंपो में आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

