New Delhi : भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 इंटरनेशनल में एक नया और भरोसेमंद चेज मास्टर मिल गया है। विराट कोहली के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद जिस खाली जगह की चर्चा हो रही थी, उसे युवा बल्लेबाज़ तिलक वर्मा ने अपने शानदार प्रदर्शन से भर दिया है।
आंकड़े बताते हैं कि रन चेज करते हुए तिलक वर्मा का औसत अब 68.0 हो चुका है, जो विराट कोहली (67.1) और एमएस धोनी (47.71) से भी बेहतर है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कम से कम 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में यह अब तक का सबसे बेहतरीन औसत है।
फुल मेंबर टीमों के खिलाड़ियों में अब तिलक वर्मा इस सूची में शीर्ष पर पहुंच चुके हैं। वहीं विराट कोहली दूसरे और एमएस धोनी तीसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के जेपी डुमिनी और श्रीलंका के कुमार संगकारा भी इस सूची में शामिल हैं, लेकिन औसत के मामले में तिलक सबसे आगे हैं।
नंबर-3 पोजिशन पर बल्लेबाज़ी करते हुए तिलक वर्मा का रिकॉर्ड भी बेहद प्रभावशाली है। टी20 इंटरनेशनल में इस क्रम पर उन्होंने 14 पारियों में 468 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 160 से अधिक का रहा है।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में तिलक वर्मा भारतीय टी20 टीम की रन चेज रणनीति की रीढ़ साबित हो सकते हैं।



