Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ट्रिपल आईटी (IIIT) रांची में चयनित आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की पीएचडी अभ्यर्थी सविता कच्छप ने शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सविता कच्छप को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने के लिए राज्य सरकार की ओर से दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक सविता के परिजन को सौंपा।
मुलाकात के दौरान सविता कच्छप ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे डूंगरी टोली, अरगोड़ा (रांची) की निवासी हैं और वर्तमान में मधुकम स्थित अपनी नानी के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मात्र 24 वर्ष की उम्र में वे आदिवासी समुदाय की सबसे कम उम्र की अभ्यर्थी हैं, जिनका ट्रिपल आईटी रांची में इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विषय में पीएचडी के लिए चयन हुआ है।
सविता ने बताया कि वे तकनीकी क्षेत्र में पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर हैं और आईईईई (IEEE) में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नॉवेल्टी रिसर्च वर्क प्रस्तुत कर चुकी हैं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सविता की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी अध्ययन और शोध कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया तथा हरसंभव सरकारी सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर सविता के परिजन सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।

