Jamshedpur : झारखंड के जमशेदपुर में एक बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामला सामने आया है। बिरसानगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक स्कूल वैन चालक ने 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता टेल्को स्थित एक निजी स्कूल की छात्रा है। मंगलवार को आरोपी वैन चालक बच्ची समेत दो अन्य छात्राओं को स्कूल से घर छोड़ने गया था। घर पहुंचने के बाद बच्ची ने परिजनों से तेज पेट दर्द की शिकायत की। पूछताछ करने पर बच्ची ने आरोपी चालक की करतूत के बारे में बताया। इसके बाद आक्रोशित परिजन तुरंत बिरसानगर थाना पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पीड़िता को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। वह पुलिस हिरासत में है। बुधवार को पीड़िता का बयान दर्ज किया जाएगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता व उसके परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।



