Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हो रही राजनीति पर गहरी पीड़ा जताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य जैसा संवेदनशील और मानवीय विषय राजनीति से ऊपर होना चाहिए। मंत्री ने विपक्ष सहित सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान-2 (रिम्स-2) के निर्माण में सहयोग करें, ताकि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रांची स्थित रिम्स में शासी निकाय की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ठोस रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में यह भी सामने आया कि रिम्स में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे रोगी प्रवाह प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य की जनता का भरोसा अब सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर बढ़ा है और यही कारण है कि रिम्स में हजारों की संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर मरीज को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नई तकनीकों को अपनाया जा रहा है, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की बहाली की जा रही है, पैथोलॉजी लैब को सशक्त किया जा रहा है और मैनपावर से जुड़ी सभी आवश्यकताओं का ध्यान रखा जा रहा है।
रिम्स-2 के निर्माण को लेकर उठ रहे राजनीतिक सवालों पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि इसमें उनका कोई निजी स्वार्थ नहीं है। न किसी की जमीन पर नजर है और न ही कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा। उन्होंने विपक्ष से विनम्र आग्रह करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सहयोग करें, ताकि पैसों की कमी इलाज में बाधा न बने।
मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि आज भी राज्य के कई मरीज गंभीर इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं, जहां उन्हें भारी खर्च उठाना पड़ता है। कई मामलों में इलाज के बावजूद मरीजों की जान नहीं बच पाती और परिजनों को अपनों का अंतिम संस्कार भी दूसरे राज्यों में करना पड़ता है, जो बेहद पीड़ादायक स्थिति है।
उन्होंने सभी नेताओं से हाथ जोड़कर अपील की कि रिम्स-2 के निर्माण में सहयोग करें, ताकि लाखों लोगों की जान बचाई जा सके और झारखंड की जनता को बेहतर, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।


