Ranchi : झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बुधवार से राज्य में ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम में बदलाव के चलते सर्द हवाओं का असर बढ़ेगा, जिससे दिन और रात—दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की कमी आने की संभावना है, जबकि रात के समय न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। इससे राज्य के कई जिलों में फिर से कंपकंपी महसूस की जाएगी।
पहाड़ों की बर्फबारी बढ़ाएगी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के पश्चिमोत्तर हिस्सों में पहाड़ों पर बर्फबारी और कई जगह बारिश हो रही है। इसके असर से दो दिनों के भीतर उत्तर दिशा की ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों से होती हुई झारखंड पहुंचेंगी।
इसका सीधा असर रात के तापमान पर पड़ेगा और सुबह-शाम कनकनी बढ़ सकती है।
फिलहाल राहत की स्थिति
फिलहाल झारखंड में ठंड से कुछ राहत बनी हुई है। दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 से 13 डिग्री के बीच बना हुआ है।
राजधानी रांची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान अभी सामान्य से थोड़ा अधिक है। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ने के मद्देनज़र गर्म कपड़ों का उपयोग करें और सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतें।



