Latehar : झारखंड में वन्यजीव और रेल यातायात के टकराव का एक असाधारण मामला सामने आया, जब अपने बच्चे की मौत के बाद हाथियों के झुंड ने करीब 11 घंटे तक रेलवे ट्रैक घेरकर रखा। इस दौरान कई प्रमुख ट्रेनें जहां-तहां खड़ी रहीं और रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना महुआमिलान-निंद्रा स्टेशन के बीच बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड पर पुतरीटोला के पास सोमवार शाम करीब सात बजे हुई। जानकारी के अनुसार, लगभग 15 हाथियों का झुंड ट्रैक पार कर रहा था, तभी एक मालगाड़ी की चपेट में आने से हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। इसके बाद पूरा झुंड ट्रैक पर ही डट गया और घायल बच्चे को घेरकर खड़ा रहा।
सूचना मिलते ही वन विभाग, रेलवे प्रशासन, स्टेशन प्रबंधन और स्थानीय पुलिस की टीमें रात में ही मौके पर पहुंचीं, लेकिन हाथियों के हटे बिना कोई कार्रवाई संभव नहीं हो सकी। मंगलवार सुबह करीब छह बजे झुंड के जंगल की ओर लौटने के बाद रेल परिचालन बहाल किया गया।
इस दौरान रांची-गरीब रथ, टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस, पलामू एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस, हावड़ा-भोपाल एक्सप्रेस और सासाराम इंटरसिटी सहित कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया। बाद में अनेक ट्रेनों के मार्ग धनबाद, गया और कोडरमा होकर डायवर्ट किए गए, जबकि कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट करना पड़ा।

