Giridih : रांची सीआईडी की विशेष टीम ने गिरिडीह जिले के कोलडीहा इलाके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचने वाले नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है।
यह कार्रवाई डीएसपी अर्चना स्मृति खल्को के नेतृत्व में देर रात करीब दो बजे की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन राजा और मो. मोहब अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को उनके घरों से हिरासत में लिया गया।
प्रारंभिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपों को सही पाया गया है। दोनों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एक्ट और पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। सीआईडी टीम दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए रांची ले गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, मामले की शुरुआत हैदराबाद पुलिस के साइबर सेल की जांच से हुई थी। वहां एक नाबालिग लड़की का आपत्तिजनक वीडियो मिला था, जिसकी तकनीकी जांच में इसका संबंध झारखंड से जुड़ा पाया गया। इसके बाद मामला रांची सीआईडी को सौंपा गया।
जांच में सामने आया कि यह एक संगठित गिरोह था, जो नाबालिग बच्चियों के अश्लील वीडियो बनाकर विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचता था। गिरोह ने टेलीग्राम पर विशेष चैनल बना रखे थे, जहां वीडियो की बिक्री की जाती थी। कुछ वेबसाइट्स पर भी वीडियो सप्लाई करने की आशंका जताई गई है।
सीआईडी अब डिजिटल फोरेंसिक, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया ट्रेसिंग के जरिए इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या सीआईडी को दें।



