Ranchi : रिम्स के क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (RIO) में एयर कंडीशनिंग (AC) व्यवस्था ठप होने के कारण आई और ईएनटी विभाग के कई ऑपरेशन स्थगित करने पड़े, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए रिम्स प्रबंधन ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला किया है।
रिम्स प्रबंधन के अनुसार, RIO में AC संचालन की जिम्मेदारी SUVIDHA SHINRYO PVT. LTD. के पास थी। यह एजेंसी पहले से ऑन्कोलॉजी और सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक में भी AC संचालन का कार्य कर रही है। प्रबंधन का कहना है कि AC संचालन से संबंधित कार्यादेश की प्रक्रिया जारी थी और इसकी जानकारी एजेंसी को ईमेल के माध्यम से दे दी गई थी।
इसके बावजूद एजेंसी ने कथित रूप से AC संचालन बंद कर दिया, जिससे अस्पताल की आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुईं और कई निर्धारित ऑपरेशन नहीं हो सके।
स्थिति की जानकारी मिलने पर चिकित्सा अधीक्षक, संपदा पदाधिकारी, डीएमएस-2 और हॉस्पिटल मैनेजर की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि हाल ही में आई और ईएनटी विभागों को RIO भवन में स्थानांतरित किया गया है, जिसके कारण AC संचालन के लिए नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने में समय लग रहा था।
मरीजों को राहत देने के लिए रिम्स प्रबंधन ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की। भवन प्रमंडल संख्या-2, रांची द्वारा चयनित उस एजेंसी को AC संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो वर्तमान में ट्रॉमा सेंटर में यह कार्य कर रही है।
साथ ही, रिम्स प्रबंधन ने डिफॉल्टर एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने का निर्णय लिया है।
RIO के संचालन की निगरानी के लिए:
- HOD (आई विभाग) को सेंटर हेड,
- डॉ. मुकेश कुमार नीरज (DMS-II) को प्रशासनिक नोडल,
- हिरामणि सिसिलिया कुजूर को नर्सिंग नोडल,
- तथा कृतिका वर्मा को हॉस्पिटल मैनेजर नियुक्त किया गया है।
रिम्स प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की चिकित्सा सेवाओं में बाधा उत्पन्न करने वाली किसी भी एजेंसी या संस्था के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


