Dhanbad : मानसून को देखते हुए National Green Tribunal ने 10 जून से देशभर की नदियों से बालू उठाव पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बावजूद धनबाद में अवैध बालू खनन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। गुरुवार सुबह खनन विभाग ने सुरक्षा बलों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर दो बालू लदे वाहनों को जब्त किया।
खनन विभाग की टीम माइनिंग इंस्पेक्टर श्यामानंद सिंह और ब्रह्मदेव यादव के नेतृत्व में जांच के लिए निकली। सबसे पहले बरटांड़ बस स्टैंड के समीप धैया रोड पर बालू लदे दो 407 वाहनों की जांच की गई।
बिना परमिट के पकड़े गए वाहन
जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा बालू परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद जेएच-10 एटी-8754 और जेएच-10 बीजे-7449 नंबर के दोनों वाहनों को जब्त कर Dhanbad Police Station के सुपुर्द कर दिया गया।
जब्त वाहनों से लगभग 400 सीएफटी बालू बरामद किया गया।
तेलमच्चो घाट पर अवैध खनन का खुलासा
इसके बाद टीम Telmacho Sand Ghat पहुंची, जहां प्रतिबंध के बावजूद दामोदर नदी से ट्रैक्टरों के माध्यम से बालू निकाला और लोड किया जा रहा था।
खनन विभाग की टीम को देखते ही अवैध खनन में शामिल लोग ट्रैक्टरों की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए। अधिकारियों ने मौके से अवैध खनन के प्रमाण जुटाए और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासनिक निगरानी पर उठे सवाल
एनजीटी के स्पष्ट प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम हो रहे अवैध बालू खनन ने प्रशासनिक निगरानी और कानून के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नदी घाटों पर जारी अवैध गतिविधियां यह संकेत देती हैं कि खनन माफिया अब भी सक्रिय हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बाद भी दिनदहाड़े बालू निकासी जारी रहना चिंताजनक है और इस पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
कार्रवाई तेज करने का दावा
खनन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज करने का दावा किया है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, प्रतिबंध लागू होने के बाद भी जारी अवैध खनन प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।


