Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को राज्य के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा तंत्र को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 151 विशेषज्ञ चिकित्सकों समेत कुल 262 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर प्रोजेक्ट भवन सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया है।
समारोह में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित राज्य सरकार के अन्य मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। चयनित अभ्यर्थियों में 151 विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलावा 56 खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, 29 वरीय अस्पताल प्रबंधक और 26 वित्त प्रबंधक शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा बल
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से की गई है। राज्य में यह पद लंबे समय से रिक्त पड़े थे। नियमित नियुक्ति होने से अब खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी मामलों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी तथा खाद्य सुरक्षा कानूनों के क्रियान्वयन को मजबूती मिलेगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी तैनाती
विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत अनुबंध के आधार पर टेंडर प्रक्रिया से की गई है। चयनित चिकित्सकों को उनकी पसंद और उपलब्ध विकल्पों के अनुसार पदस्थापित भी कर दिया गया है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद वे अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगदान देंगे।
इन चिकित्सकों को उनकी ओर से उद्धृत मानदेय के अनुसार भुगतान किया जाएगा, जो अधिकतम तीन लाख रुपये प्रतिमाह तक होगा।
अस्पताल प्रबंधकों की नियुक्ति प्रक्रिया जारी
वरीय अस्पताल प्रबंधक और वित्त प्रबंधक के पदों पर भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत अनुबंध आधारित नियुक्तियां की गई हैं। इसके अतिरिक्त अस्पताल प्रबंधक और आईटी एग्जीक्यूटिव के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया भी जारी है।
अस्पताल प्रबंधक पद के लिए साक्षात्कार अब 25 जून को आयोजित किया जाएगा। पहले यह साक्षात्कार 24 जून को प्रस्तावित था, लेकिन नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को देखते हुए इसकी तिथि एक दिन आगे बढ़ा दी गई है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और अस्पतालों के प्रबंधन को अधिक पेशेवर एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा।



