Bihar : वैशाली जिले के महनार बाजार में मोहर्रम से पहले डीजे जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी, एक दारोगा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के दौरान भीड़ पुलिस की गिरफ्त से जब्त किए गए डीजे भी छुड़ाकर ले गई। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना महनार थाना क्षेत्र के मिडिल स्कूल के पास की बताई जा रही है। प्रशासन ने मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाया है। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि बाजार में डीजे ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी वेदानंद, सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। मारपीट में सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके अलावा दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
हमले के दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भीड़ जब्त किए गए दोनों डीजे पुलिस से छुड़ाकर फरार हो गई। घायल पुलिसकर्मियों को महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें डीजे जब्त करने का निर्देश मिला था। पुलिस ने डीजे कब्जे में लिया, लेकिन कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू होने के बाद भीड़ ने अचानक हमला कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की।
पुलिस ने हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



