Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान रांची में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात में मेजर जनरल सज्जन सिंह मान (जीओसी, 23 इन्फैंट्री डिवीजन) तथा डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेमचंद्रा शामिल थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शुमार डूरंड कप की मेजबानी इस वर्ष रांची को मिली है। प्रतियोगिता का आयोजन संभावित रूप से 26 जुलाई से शुरू होगा।
सेना के अधिकारियों ने टूर्नामेंट की तैयारियों, भाग लेने वाली टीमों और खिलाड़ियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय की स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
झारखंड के लिए गौरव का विषय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि डूरंड कप देश का ऐतिहासिक और गौरवशाली फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसकी मेजबानी का अवसर झारखंड को मिलना राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड की पहचान लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है तथा ऐसे बड़े आयोजनों से राज्य के खिलाड़ियों को प्रेरणा और बेहतर अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की सफल मेजबानी के लिए भी सरकार हरसंभव सहयोग दे रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डूरंड कप का सफल आयोजन न केवल झारखंड की खेल संस्कृति को नई पहचान देगा, बल्कि राज्य को देश के खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



