- वैदिक पूजन, महाआरती, महाभोग वितरण एवं भजन-कीर्तन के साथ मनाया जाएगा वार्षिकोत्सव, ग्रामीणों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील
मुकेश रंजन
Ranchi : श्री श्री केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा मंदिर सुकुरहुटू द्वारा मां दुर्गा के 16वें स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव का आयोजन शनिवार, 27 जून 2026 को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे दिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। समिति ने सभी ग्रामवासियों एवं मां दुर्गा के भक्तों से कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे वैदिक पूजन से होगा। इसके बाद शाम 6 बजे महाआरती, शाम 6:30 बजे महाभोग वितरण तथा शाम 7:30 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि स्थापना दिवस महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आस्था और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने का आग्रह किया है।



