Ranchi : झारखंड के सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में राज्य सरकार सोमवार को एक अहम कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह राजधानी रांची के खेलगांव स्थित परिसर में दोपहर 1 बजे आयोजित होगा, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित अभ्यर्थी शामिल होंगे।
नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देते हुए सभी जिलों की जिला स्थापना समितियों ने अपनी अनुशंसाएं प्राथमिक शिक्षा निदेशालय को भेज दी हैं। इसके आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में होगी नियुक्ति
इस चरण में कक्षा 1 से 5 तक के लिए 274 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, जबकि कक्षा 6 से 8 तक के लिए 768 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की जाएगी। इस प्रकार कुल 1,042 शिक्षकों की नियुक्ति से राज्य के कई सरकारी विद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पद भर सकेंगे।
राज्य सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों से प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यालयों में शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात में सुधार लाने में भी मदद मिलेगी।



