Ranchi : झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रविवार दोपहर बाद राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला। आसमान में घने बादल छा गए और कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची केंद्र ने रविवार को राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश जिलों में गर्जन, वज्रपात, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 जुलाई तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन और वज्रपात का दौर जारी रहेगा। इस अवधि के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में नहीं रहने, पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा आकाशीय बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 54 मिलीमीटर वर्षा देवघर जिले के सिकटिया में दर्ज की गई। वहीं, सर्वाधिक अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के नामकुम में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रविवार को रांची में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 37.6 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 40.7 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 37.5 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक झारखंड में मानसून की गतिविधियां बनी रहेंगी और राज्य के अधिकांश जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।



