बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के हज्जाम गांव में पिता की मौत का सदमा 15 वर्षीय बेटा सहन नहीं कर सका। पिता का शव घर पहुंचते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
मकान की नींव भरते समय बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, हज्जाम गांव निवासी ज्योति प्रकाश (50) रविवार सुबह अपने नए मकान की नींव भरने का काम कर रहे थे। काम के दौरान अचानक उन्हें तेज पसीना आने लगा और कुछ ही देर में वे बेहोश होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता का शव देखते ही गिर पड़ा बेटा
जब ज्योति प्रकाश का शव घर लाया गया तो उनका 15 वर्षीय बेटा राज पिता का शव देखते ही बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर उसकी मौत सदमे के कारण होने की बात सामने आई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक ज्योति प्रकाश अपने पीछे पत्नी गुड़िया, नौ वर्षीय बेटे और छह वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। एक ही दिन पिता और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहा था घर
ग्राम प्रधान राजवंत यादव ने बताया कि ज्योति प्रकाश का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर था। उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में शामिल था और उन्हें आवास स्वीकृत हुआ था।
इसी मकान की नींव भरने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद यह दुखद हादसा हुआ।
गांव में पसरा मातम
शाम को पिता और पुत्र का अंतिम संस्कार एक साथ किया गया। गांव वालों ने अंतिम संस्कार में सहयोग किया और परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा भी दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



