Hazaribagh : शहर के मिशन अस्पताल के पास रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े कई लोगों को कुचल दिया। इसके बाद कार बिजली के पोल और चापाकल से टकराकर रुक गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक तौर पर चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
घायलों का हाल जानने पहुंचे जनप्रतिनिधि
हादसे के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस घायलों की पहचान करने के साथ-साथ दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।



