मुकेश रंजन
Ranchi: राजधानी के वीआईपी और अति सुरक्षित माने जाने वाले मोरहाबादी मैदान क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब वाहन जांच के दौरान एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार के चालक ने पुलिसकर्मी को कुचलने का प्रयास कर दिया। घटना पार्क प्राइम होटल के समीप हुई, जहां लालपुर थाना की पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान थार चालक को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय अचानक रफ्तार बढ़ा दी और लालपुर थाना के चालक राजेश यादव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश यादव सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मी को वाहन से कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया गया है। आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी गई है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।



