New Delhi : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि जो लोग एथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल नहीं खरीदना चाहते, वे 100 फीसदी शुद्ध पेट्रोल खरीद सकते हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि E20 पेट्रोल वाहनों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है और इससे इंजन को नुकसान होने की बात सही नहीं है।
बता दें कि इंडियन ऑयल का प्रीमियम शुद्ध पेट्रोल XP100 करीब 170 रुपये प्रति लीटर की कीमत पर उपलब्ध है। यानी इसकी कीमत सामान्य E20 पेट्रोल के मुकाबले काफी अधिक है।
नितिन गडकरी से पूछा गया था कि क्या पेट्रोल पंपों पर कम एथेनॉल मिश्रण वाला E10 पेट्रोल दोबारा उपलब्ध कराया जा सकता है, ताकि वाहन मालिकों की चिंताओं को दूर किया जा सके। इस पर गडकरी ने कहा, “शायद अब नहीं।”
‘E20 का लक्ष्य पूरा, अब पीछे हटना संभव नहीं’
गडकरी ने कहा कि देश में 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य पूरा हो चुका है और अब देश के लगभग हर हिस्से में E20 पेट्रोल उपलब्ध है। ऐसे में इस नीति से पीछे हटना संभव नहीं है।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अलग-अलग एथेनॉल मिश्रण वाले पेट्रोल के विकल्प उपलब्ध कराने का फैसला पेट्रोलियम मंत्रालय को करना है।
नितिन गडकरी ने E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन खराब होने और माइलेज घटने के दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने E20 पेट्रोल को लेकर पैदा हुए विवाद को “राजनीतिक रूप से प्रेरित” करार दिया।
गडकरी ने आरोप लगाया कि सरकार को निशाना बनाने के लिए E20 पेट्रोल को लेकर गलत और भ्रामक जानकारियां फैलाई जा रही हैं।
चार सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के खिलाफ FIR
इस बीच, नागपुर साइबर पुलिस ने चार सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन लोगों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बदनाम करने की कोशिश की।
मामले में बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप, देसी बॉयज NCR, हर्षित राठी और अंकलेश इनवाटे के नाम शामिल हैं।
भाजपा सोशल मीडिया सेल के प्रमुख शिशिर त्रिपाठी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, इन इंफ्लुएंसर्स ने अपने वीडियो को वास्तविक और विश्वसनीय दिखाने के लिए कथित रूप से भ्रामक इंटरव्यू लिए।
आरोप है कि इन वीडियो और इंटरव्यू के जरिए नितिन गडकरी की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।



