- नेत्रदान संस्कार के साथ श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रथम दर्शन, रथ मेले को लेकर तैयारियां पूरी
मुकेश रंजन
Ranchi : झारखंड की ऐतिहासिक और आस्था का प्रतीक रातू रथ मेला अब अपने भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। पखवाड़े तक गर्भगृह में विराजमान रहने के बाद बुधवार को भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का पारंपरिक नेत्रदान संस्कार वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाएगा। इस पावन अनुष्ठान के बाद महाप्रभु पहली बार श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे।
मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में पुरोहित भोला नाथ मिश्रा एवं पुजारी करुणा मिश्रा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराएंगे, जबकि संतोष सूत्रधर द्वारा भगवान का पारंपरिक नेत्रदान संस्कार किया जाएगा। इस दिव्य अनुष्ठान के साथ ही भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र के दर्शन आम श्रद्धालुओं के लिए सुलभ हो जाएंगे।
गुरुवार सुबह पांच बजे महाआरती और विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके उपरांत शाम को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के बीच ऐतिहासिक रातू रथयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा को लेकर मंदिर समिति एवं प्रशासन ने सभी तैयारियां अंतिम रूप दे दी हैं। मंदिर परिसर और रथ मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से महाप्रभु के दर्शन एवं रथयात्रा का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।



