Ranchi : भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने भगवान जगन्नाथ से राज्य में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने प्रार्थना की कि महाप्रभु जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की कृपा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा का पावन पर्व सेवा, समरसता, आस्था और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी राज्यवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना की कि उनके आशीर्वाद से झारखंड के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।



