Ranchi: पड़हा राजा के चयन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस बीच सामाजिक प्रतिनिधि सोमा उरांव ने दावा किया है कि जेवियर सांगा धर्मांतरित ईसाई हैं, इसलिए ग्राम सभा की परंपराओं और निर्णय के अनुसार उन्हें पड़हा राजा बनाया जाना उचित नहीं है।
सोमा उरांव ने कहा कि ग्राम सभा के निर्णय और पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पड़हा राजा का चयन समाज की मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुरूप होना चाहिए। उनका आरोप है कि यदि कोई व्यक्ति धर्मांतरित है, तो वह ग्राम सभा की परंपरा के अनुसार इस पद के लिए पात्र नहीं माना जा सकता। उन्होंने जेवियर सांगा को पड़हा राजा बनाए जाने को “अवैध” बताते हुए इस पर पुनर्विचार की मांग की।
उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के निर्णयों और आदिवासी परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए तथा किसी भी प्रकार का निर्णय समाज की सहमति और स्थापित नियमों के अनुरूप ही लिया जाना चाहिए।
हालांकि, जेवियर सांगा या उनके समर्थकों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



