मुकेश रंजन
Ranchi : राजधानी रांची के नगड़ी स्थित सरना आदर्श कॉलोनी, पतरा टोली बालालौंग में वर्षों से बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे कॉलोनीवासियों ने आखिरकार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के बीच स्वयं मोर्चा संभाल लिया। रविवार को दर्जनों लोगों ने श्रमदान कर सड़क पर मोरम और डस्ट गिराकर उसे आवागमन योग्य बनाने का प्रयास किया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती है। कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग को लेकर खिजरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक को कई बार आवेदन और निवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि रांची के सांसद संजय सेठ भी इस सड़क के निर्माण के लिए ग्रामीण कार्य विभाग को कई बार अनुशंसा पत्र भेज चुके हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिणामस्वरूप प्रत्येक वर्ष बारिश के मौसम में कॉलोनीवासियों को स्वयं चंदा और श्रमदान के माध्यम से मोरम एवं डस्ट डालकर सड़क की मरम्मत करनी पड़ती है।
श्रमदान अभियान में कलिंदर उरांव, राजेंद्र मिंज, दिनेश उरांव, रामा उरांव, लक्ष्मण उरांव, जीत राम उरांव, त्रिभुवन बड़ाइक, जगदीश तिर्की, प्रेमजीत मुंडा, बिरसा भगत, बसंत भगत, संजय लकड़ा, सोमरा उरांव, रामा तिर्की, चरकू उरांव, विनय तिर्की, गोपाल सहित अनेक कॉलोनीवासियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि विकास की मूलभूत सुविधाओं के लिए हर वर्ष श्रमदान करना उनकी मजबूरी बन चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब जनप्रतिनिधि और विभाग उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करेंगे।


