Hazaribag : जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरु गांव के पास शुक्रवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के कथित अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक पिस्टल और एक बाइक भी बरामद की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार और बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
लेवी वसूली की योजना की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग के सदस्य चंद्रगुप्त माइंस से लेवी वसूलने के लिए किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर केरेडारी थाना और पगार ओपी की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बुकरु गांव के पास घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान अपराधियों ने जंगल की ओर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में दो से तीन राउंड फायरिंग की।
एक घायल, दूसरा गिरफ्तार
मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान आरोपियों ने हथियार फेंकने का प्रयास किया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया।
गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
एसपी अमन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार दोनों आरोपियों के राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि दोनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि गैंग के अन्य सदस्यों और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एक केरेडारी और दूसरा बड़कागांव थाना क्षेत्र का रहने वाला है। हालांकि, जांच को देखते हुए फिलहाल दोनों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


