Jamshedpur : वाहन जांच अभियान के दौरान कथित रूप से रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वायरल वीडियो के आधार पर जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब ने ट्रैफिक शाखा के सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) ललन सिंह तथा आरक्षी प्रकाश कुमार और पंकज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान के पास गुरुवार सुबह ट्रैफिक पुलिस का वाहन जांच अभियान चल रहा था। इसी दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे एक युवक को रोककर पूछताछ की गई।
आरोप है कि कार्रवाई का भय दिखाकर उससे अवैध रूप से रुपये की मांग की गई। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने कैमरे की नजर से बचने की कोशिश करते हुए उससे कथित तौर पर रिश्वत भी ले ली। हालांकि, पूरी घटना वहां मौजूद एक व्यक्ति ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर ली।
कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया।
वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक डीएसपी नीरज पाठक से विस्तृत रिपोर्ट तलब की। प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस ने पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है। ट्रैफिक डीएसपी नीरज पाठक ने शुक्रवार को कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


